तसनीम फ़ैसल बने समाजवादी पार्टी के विदर्भ अध्यक्ष
नागपुर/मुंबई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मोहम्मद तसनीम फ़ैसल को समाजवादी पार्टी का विदर्भ अध्यक्ष नियुक्त किया है।
तसनीम फ़ैसल की नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें विदर्भ क्षेत्र में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट करने तथा समाजवादी विचारधारा को विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तसनीम फ़ैसल को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विदर्भ में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पार्टी कार्यकर्ता जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते हुए जनता के बीच संगठन को और मजबूत करेंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर तसनीम फ़ैसल ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आज़मी, प्रदेश कार्यकारिणी तथा पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के सम्मान और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विदर्भ में संगठन को मजबूत करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
नियुक्ति के बाद पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने तसनीम फ़ैसल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश प्रमुख महासचिव परवेज़ सिद्दीकी, अब्दुल रऊफ़, तजम्मुल हुसैन ख़ान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

