Starlink India Website Live: स्टारलिंक के रिचार्ज प्लान का ऐलान, अनलिमिटेड डेटा; 30 दिन का सब्सक्रिप्शन फ्री | Elon Musk Starlink Website Live In India Recharge Plans Announced With Unlimited Data And 30-Day Subscription Free
Starlink Internet Subscription Plan: दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी स्टारलिंक की सेवाएं आखिरकार भारत में शुरू हो गई हैं। मस्क के नेतृत्व वाली स्पेसएक्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी स्टारलिंक ने भारत में अपने मासिक सब्सक्रिप्शन प्लान की कीमत का खुलासा कर दिया है।

कंपनी ने भारत के लिए एक डेडिकेटेड वेबसाइट लाइव की है, जिस पर उसके सैटेलाइट इंटरनेट प्लान और उनकी कीमतों की घोषणा की गई है। यहां देश के दूरदराज के इलाकों में अपनी सर्विसेज देने का लक्ष्य रखने वाली स्टारलिंक के मासिक प्लान और हार्डवेयर की कॉस्ट के बारे में सारी जानकारी जान सकते हैं।
इस नई सेवा की मदद से उन दूरदराज के इलाकों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचेगा, जहां अभी मोबाइल या ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है। इस रोलआउट का लंबे समय से इंतजार था। बता दें कि भारत सरकार से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही स्टारलिंक अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है।
स्टारलिंक की सेवाओं के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान
स्टारलिंक की वेबसाइट के अनुसार, रेजिडेंशियल प्लान की मासिक कीमत 8,600 रुपये निर्धारित की गई है, जो एक महीने की वैलिडिटी के साथ आएगा। ग्राहकों को 30 दिन का फ्री ट्रायल भी मिलेगा, जिसमें असंतुष्ट होने पर पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा।
सेवा के उपयोग के लिए, मासिक सब्सक्रिप्शन शुल्क के अतिरिक्त हार्डवेयर किट के लिए एक बार 36,000 रुपये का भुगतान करना होगा। स्टारलिंक की भारतीय वेबसाइट, https://starlink.com/in पर, सभी प्लान विवरण उपलब्ध हैं।
8,600 रुपये वाले सब्सक्रिप्शन प्लान में ग्राहकों को असीमित डेटा मिलेगा। कंपनी का दावा है कि यह सिस्टम हर मौसम में काम करने के लिए बनाया गया है और इसकी अपटाइम (सेवा चालू रहने का समय) 99.9% से अधिक होगी। यह सुनिश्चित करेगा कि नेटवर्क लगातार सक्रिय रहे।
कैसे शुरु होगा कनेक्शन?
स्टारलिंक ने बताया है कि इसकी सेवा का उपयोग बेहद सरल है; यूजर को केवल डिवाइस को प्लग-इन करना होगा और कनेक्शन तुरंत शुरू हो जाएगा। यह विशेष रूप से उन घरों और समुदायों के लिए फायदेमंद होगी जो बिना ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के हैं।
https://hindi.goodreturns.in/news/elon-musk-starlink-india-website-live-recharge-plan-announced-unlimited-data-and-30-day-subscription-117037.html






