यूएई हवाई अड्डा अधिकारियों के निर्देश के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानें रद्द
नई दिल्ली, 15 मार्च: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हवाई अड्डा अधिकारियों के निर्देशों के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने कुछ अंतरराष्ट्रीय परिचालन में अस्थायी कटौती करते हुए कई उड़ानें रद्द कर दी हैं। इसके तहत अबू धाबी, शारजाह और रास अल खैमाह के लिए तथा वहां से आने वाली सभी निर्धारित उड़ानों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। एयरलाइन के इस फैसले से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, परिस्थितियां अनुकूल रहने और आवश्यक स्लॉट उपलब्ध होने की स्थिति में दिल्ली-दुबई सेक्टर पर एक राउंड ट्रिप उड़ान संचालित की जाएगी। वहीं प्रभावित यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तिथि आगे बढ़ाकर दोबारा बुकिंग कराने या फिर पूरा किराया वापस लेने का विकल्प प्रदान किया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सेवा माध्यमों के जरिए प्राप्त करने की सलाह दी है।




